home page

रायपुर : आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सल्फास सेवन की आशंका

 | 

रायपुर, 2 अगस्त (हि. स.)। रायपुर पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक की उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार रात मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक द्वारा कथित रूप से सल्फास का सेवन किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन रायपुर में पदस्थ आरक्षक कुलदीप मिश्रा वर्तमान में अमलीडीह पुलिस कॉलोनी में रह रहे थे। शनिवार देर रात उनके द्वारा कथित रूप से सल्फास का सेवन किए जाने की सूचना मिली। तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने अपने एक साथी आरक्षक को मोबाइल फोन के जरिए इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में थाना न्यू राजेंद्र नगर में मर्ग क्रमांक 38/26 दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर