रायपुर: 34 घंटे के भीतर झपटमारी का खुलासा, शातिर आरोपित गिरफ्तार, 10 लाख के जेवर और मोबाइल बरामद
रायपुर, 4 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर की डीडी नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज 34 घंटे के भीतर झपटमारी की वारदात का खुलासा कर शातिर आरोपित शेख अख्तर उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी गए सोने के सभी जेवरात, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रिका देवांगन, निवासी जिला कबीरधाम, अपनी पुत्री के घर सरोना स्थित जन्मदिन समारोह में शामिल होने रायपुर आई थीं। 2 जुलाई 2026 की सुबह वह अपने पति के साथ कवर्धा लौटने के लिए पैदल सरोना चौक जा रही थीं। सुबह करीब 6 बजे राधाकृष्ण मंदिर, सरोना के पास एक स्कूटी सवार युवक ने उनके कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया और के.पी.एस. स्कूल की ओर फरार हो गया। पर्स में सोने के जेवरात और मोबाइल फोन रखा हुआ था।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 411/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। आरोपित के फरार होने के संभावित मार्गों के कैमरों की भी जांच की गई।
तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान शेख अख्तर उर्फ कल्लू, निवासी टिकरापारा, रायपुर के रूप में की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का रानी हार, सोने की चेन, सोने के झुमके, सोने के ईयररिंग, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, शेख अख्तर उर्फ कल्लू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रायपुर के टिकरापारा, पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, सरस्वती नगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट तथा आर्म्स एक्ट सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित पूर्व में भी कई मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

