राजस्थान एटीएस की सूचना पर गुजरात पुलिस ने किया मुंबई निवासी से विदेशी शॉटगन सहित हथियार बरामद
जयपुर, 09 मई (हि.स.)। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्थान एटीएस की सटीक आसूचना पर गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के गोरेगांव ईस्ट निवासी कृष्ण कुमार अग्रवाल (46) को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक मेड इन यूएसए शॉटगन, एक देशी बंदूक तथा 35 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपित एमजी हेक्टर कार में अवैध हथियारों का परिवहन कर रहा था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस,एएनटीएफ एवं एजीटीएफ दिनेश एम.एन. ने बताया कि एटीएस आईजी राजेश सिंह, डीआईजी योगेश यादव के सुपरविजन तथा एसपी ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में गठित टीम के सदस्य सहायक उप निरीक्षक कुलवीर सिंह एवं हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार को शुक्रवार 8 मई को एक एमजी हेक्टर वाहन में अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी।
सूचना के बाद टीम ने वाहन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया। जांच में वाहन का रूट जयपुर से पालनपुर (गुजरात) की ओर पाया गया। इसके बाद राजस्थान एटीएस ने तत्काल यह इनपुट गुजरात एटीएस के साथ साझा किया।
राजस्थान एटीएस की सूचना पर गुजरात के बनासकांठा पुलिस ने संबंधित एमजी हेक्टर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक विदेशी शॉटगन, एक देशी बंदूक और 35 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने वाहन मालिक एवं चालक कृष्ण कुमार अग्रवाल को अवैध हथियार रखने और परिवहन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपित से हथियारों की खरीद, सप्लाई नेटवर्क और संभावित संपर्कों को लेकर पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

