रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाला एक आराेपित गिरफ्तार
दंतेवाड़ा , 20 मार्च (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए थाना बचेली और सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा की संयुक्त टीम ने 7,91,547 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपित अजय कुमार महतो (38 वर्ष) को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित को 20 मार्च को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपित ने ऑनलाइन टास्क के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों की ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस लगातार लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक कर रही है और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बचेली थाना क्षेत्र के एक प्रार्थी और उसके साथियों से 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच लिंक के माध्यम से टास्क पूरा कराने के नाम पर 7,91,547 रुपये की ठगी की गई थी। मामले की शिकायत के बाद थाना बचेली में अपराध क्रमांक 29/2025 के तहत धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस और 66(D) आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स का उपयोग करते हुए 100 से अधिक बैंक खातों की जांच की। इसके आधार पर टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और आरोपित अजय कुमार महतो (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल, चेक बुक, तीन पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और 11 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

