home page

रंगदारी नहीं दी तो चाय विक्रेता पर सुए से ताबड़तोड़ वार, गल्ले से नकदी लूटकर फरार हुआ बदमाश

 | 

नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में रंगदारी नहीं देने पर एक स्थानीय बदमाश ने चाय विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से दुकानदार की कमर पर कई वार किए और उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद दुकान के गल्ले में रखी नकदी लूटकर फरार हो गया। घायल दुकानदार को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चमन पार्क निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद रिजवान अपने घर के नीचे चाय की दुकान चलाते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में अक्सर उनका भतीजा फैजान दुकान संभालता है।

पीड़ित के मुताबिक, चार जुलाई को वह किसी काम से गाजियाबाद गए हुए थे। इसी दौरान इलाके का रहने वाला काशिफ नामक बदमाश दुकान पर पहुंचा और फैजान को धमकाते हुए एक लाख रुपये रंगदारी की मांग की। आरोपित ने रुपये नहीं देने पर जान से मारने और दुकान नहीं चलने देने की धमकी भी दी। फैजान ने तुरंत अपने चाचा रिजवान को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। बताया गया कि अगले दिन भी आरोपित दुकान पर पहुंचा और फिर से एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकियां दीं। इसके बावजूद पीड़ित परिवार ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, छह जुलाई की रात काशिफ एक बार फिर दुकान पर पहुंचा। उस समय रिजवान खुद दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि काशिफ ने पहले गाली-गलौज की और फिर रुपये देने का दबाव बनाया। जब रिजवान ने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपित ने अपने पास रखा बर्फ तोड़ने वाला सुआ निकाल लिया और उनकी कमर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में रिजवान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपित दुकान के गल्ले में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल रिजवान को तुरंत गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर गोकुलपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपित की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की पहचान हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपित पहले भी रंगदारी या अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी