यूट्यूब से एटीएम तोड़ने का तरीका सीख दिल्ली से जयपुर एटीएम तोडने आए दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
जयपुर, 16 मई (हि.स.)। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को तोड़कर कैश लूटने का प्रयास करने वाले दिल्ली-एनसीआर के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल, लोहे की बड़ी छिन्नी, भारी हथौड़ा, सफेद कपड़ा और ग्लव्स बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने एटीएम तोड़ने और कैश बॉक्स निकालने का तरीका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब से सीखा था। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा थाना पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को तोड़कर कैश लूटने का प्रयास करने वाले दिल्ली-एनसीआर के शातिर बदमाश रज्जद (23) निवासी पलमरवा जिला गिरडी (झारखंड) हाल गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)और उत्तम (30 ) निवासी दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि उन्होंने यूट्यूब से वीडियो और लिंक डाउनलोड कर एटीएम मशीन का लॉक तोड़ने और कैश बॉक्स निकालने की तकनीक सीखी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों आरोपित पहले दिल्ली से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी कर जयपुर पहुंचे थे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधा और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों बदमाश दिल्ली, गाजियाबाद और जयपुर के अन्य इलाकों में भी एटीएम रेकी या चोरी की वारदातों में शामिल रहे हो सकते हैं।
थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील ने बताया कि 15 मई की देर रात समाजकंटकों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। अतिरिक्त पुलिस पश्चिम उपायुक्त राजेश गुप्ता के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक कुमार सैनी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और रात के मूवमेंट के आधार पर दो संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोचा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

