home page

यमुनानगर:दहेज प्रताड़ना के खिलाफ पति व सास पर केस दर्ज

 | 

यमुनानगर, 08 मार्च (हि.स.)यमुनानगर जिले में विवाह के बाद एक महिला के साथ कथित दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांधी नगर थाने में दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसका विवाह 10 जुलाई 2023 को जम्मू कॉलोनी निवासी अंकित के साथ हुआ था।

महिला का आरोप है कि उससे कार सहित अन्य कीमती सामान लाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा और मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते थे। शिकायत में कहा गया है कि पति सहित परिवार के अन्य सदस्य अक्सर उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उल्टा उस पर दबाव बनाया गया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक परिवार में खुशी का माहौल नहीं बनेगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति शराब और नशे का आदी है तथा उसके साथ कई बार जबरदस्ती करता था।

विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। पीड़िता के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य भी कई बार उसके साथ अभद्र व्यवहार करते थे, जिसकी शिकायत उसने अपने मायके वालों से की। इस संबंध में कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि जून 2025 में एक घटना के दौरान पति ने शराब के नशे में उसके साथ बदसलूकी की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी विवाद लगातार जारी रहा। महिला का कहना है कि सितंबर 2025 में एक बार फिर उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उसके बच्चे सहित सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर पति अंकित और उसकी मां गीता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार