यमुनानगर:घर में घुसकर हमला, तीन गंभीर रूप से घायल
यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के गांव खारवन में आपसी विवाद के चलते कुछ लोगों द्वारा एक घर में जबरन प्रवेश कर परिवार के सदस्यों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दंपति समेत एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रोहित ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उसका गांव के ही एक व्यक्ति के साथ कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था, जिसे उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से शांत करा दिया गया था। हालांकि, इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
बताया गया है कि दाे दिन पहले जब रोहित अपने घर पर पत्नी अनु और मां बबीता के साथ मौजूद था, तभी आरोपित पक्ष के लोग एकजुट होकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने आते ही अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब परिवार की महिलाएं बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो उनके साथ भी हिंसक व्यवहार किया गया। घटना के दौरान हमलावरों ने घर में खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचाया और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने साेमवार काे इस संबंध में चार नामजद व्यक्तियों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

