home page

यमुनानगर : अश्लील सामग्री वायरल कर सगाई तुड़वाने का आरोप, मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के जगाधरी में एक युवती की निजी तस्वीरों और वीडियो के दुरुपयोग कर उसकी सगाई तुड़वाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में 22 वर्षीय युवती ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक सहकर्मी युवक से हुई, जो समय के साथ निजी संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो तैयार कर लिए। कुछ समय बाद दोनों के बीच दूरी आ गई और संपर्क लगभग समाप्त हो गया। इसके बाद युवती का परिचय एक अन्य युवक से हुआ, जिससे उसके संबंध बने। वर्ष 2025 में उसका विवाह संबंध बूड़िया क्षेत्र के एक युवक के साथ तय हुआ। पीड़िता का आरोप है कि पहले वाले युवक ने उसकी निजी सामग्री उसके मंगेतर तक पहुंचा दी, जिसके चलते तय रिश्ता टूट गया। इसके बाद से वह युवक लगातार उसे ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। महिला थाना पुलिस ने बुधवार काे बताया है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार