मोटरसाइकिल गिरवी रखकर 12 हजार का कर्ज, ग्रामीण से वसूली और प्रताड़ना का आरोप
रायगढ़ , 04 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भकुर्रा में एक ग्रामीण ने गांव के ही व्यक्ति पर मोटरसाइकिल गिरवी रखकर कर्ज देने और लगातार ब्याज वसूली के साथ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता रामप्रसाद राठिया (55 वर्ष) की शुक्रवार को करवाई की गई रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार रिपोर्ट के अनुसार, 9 सितंबर 2024 को शिकायतकर्ता ने आरोपी चूणामणी गुप्ता से 12,000 रुपये उधार लिए थे। इसके बदले उसने अपनी बजाज मोटरसाइकिल (CG-13-Y-0279) गिरवी रख दी थी। आरोपित द्वारा 3 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने नियमित रूप से ब्याज और 10,500 रुपये मूलधन भी चुका दिए, इसके बावजूद आरोपित लगातार पैसे की मांग करते हुए गांव और खेत तक में पीछा कर मानसिक रूप से परेशान करता रहा।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपित द्वारा अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह मोटरसाइकिल और अन्य सामान गिरवी रखकर ब्याज पर पैसा देने और वसूली के दौरान प्रताड़ना करने की बात सामने आई है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना उपनिरीक्षक गिरधारी साव को सौंपी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

