home page

मूकबधिर युवक से लूट करने वाले तीन गिरफ्तार, एक फरार

 | 
मूकबधिर युवक से लूट करने वाले तीन गिरफ्तार, एक फरार


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। चकेरी थान क्षेत्र अंतर्गत मूकबधिर युवक से ऑटो में लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने युवक से मारपीट कर नकदी और कान में लगने वाली मशीन छीन ली थी। मामले में पुलिस एक अन्य आरोपित की तलाश कर रही है।

चकेरी के संजीव नगर निवासी रोहित कुमार जनरलगंज स्थित साड़ी की दुकान में काम करता है। 23 सितंबर की रात करीब 9:43 बजे वह रामादेवी से ऑटो में बैठकर घर जा रहा था। ऑटो में चालक के अलावा तीन अन्य लोग भी सवार थे। रोहित को संजीव नगर स्थित गैस प्लांट के पास उतरना था, लेकिन चालक ऑटो आगे ले जाने लगा। विरोध करने पर सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 250 रुपये व कान की मशीन छीन ली। इसके बाद उसे अलौलापुर मोड़ के पास धक्का देकर भाग निकले। रोहित के भाई मोहित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने ऑटो का नंबर पता किया। इसके आधार पर हनुमंत विहार निवासी आयुष वर्मा, हंसपुरम कच्ची बस्ती निवासी उपेंद्र और आवास विकास निवासी विपिन तिवारी को अहिरवां स्थित विद्या निकेतन स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरोह का सागरपुरी, गल्लामंडी निवासी हर्ष फरार है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय संकल्प शर्मा और डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने आज घटना का खुलासा किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रात में ऑटो में सफर करने वाले अकेले यात्रियों को निशाना बनाते थे। सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करने के बाद उनसे नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने नौ सितंबर को हनुमंत विहार में भी एक युवक को निशाना बनाया था। उससे जबरन यूपीआई पिन हासिल कर चार दुकानों पर क्यूआर कोड के जरिए करीब 43 हजार रुपये स्थानांतरित कराए और दुकानदारों से नकदी ले ली थी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप