home page

मासूम बच्चे के चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार, दो कार व मोबाइल बरामद

 | 
मासूम बच्चे के चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार, दो कार व मोबाइल बरामद


प्रयागराज, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मांडा थाने की पुलिस एवं एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गत दिनों हुए छह वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को चार युवकाें को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के माण्डा थाना क्षेत्र के सरांयकला गांव निवासी उज्जवल शर्मा उर्फ विवेक शर्मा पुत्र तरूण शर्मा, मेजा थाना क्षेत्र के नीबी भिटान गांव निवासी राजकुमार पाण्डेय पुत्र ओमप्रकाश पाण्डेय, गाजीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रौजा मोहल्ला निवासी आशुतोष प्रधान उर्फ हिमांशू पुत्र राजेश प्रधान, बलिया जिले के छब्बी गांव निवासी नितीश कुमार पुत्र शिवनारायण है। इस संबंध में मांडा थाने में धारा 137(2)/140(2)/61(2) बीएनएस से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 07 मार्च को सराय कला निवासी आरती शर्मा ने अपने 06 वर्षीय पुत्र प्रतीक शर्मा के अपहरण की सूचना दी थी। बच्चा स्कूल से घर लौटते समय घर के पास से कार सवार बदमाशों द्वारा उठा लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की आठ टीमों का गठन किया गया था।

संयुक्त प्रयासों के चलते पुलिस ने 08 मार्च को ही करीब 28 घंटे के भीतर वाराणसी से बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता उज्जवल शर्मा, अपहृत बच्चे के पिता का चचेरा भाई है। आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिरौती के लिए अपहरण की योजना बनाई थी। योजना के तहत बच्चे को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया गया और वाराणसी ले जाया गया।

पुलिस के दबाव और लगातार पीछा किए जाने की जानकारी मिलने पर अभियुक्तों ने बच्चे को वाराणसी में एक गेस्ट हाउस के पास सुरक्षित छोड़ दिया और फरार हो गए थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर अमेज कार व एक ऑल्टो कार तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गया है। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल