मालाड में बंद डे-केयर सेंटर से मिला शव, महिला हिरासत में
मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के मालाड पूर्व इलाके में बंद पड़े डे-केयर सेंटर से एक व्यक्ति का शव मिला है। दुर्गंध आने के बाद स्थानीय नागरिकों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक कमरे से शव बरामद किया। मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, संबंधित महिला अपने पिता को हमेशा अपने पास रखना चाहती थी। बताया जा रहा है कि पिता की मृत्यु के बाद उनका अंतिम संस्कार करने के बजाय शव को संरक्षित रखने का फैसला लिया गया। इसके लिए विदेश की एक कंपनी की मदद से शव को प्रिजर्व कराया गया था। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मालाड पूर्व स्थित एक इमारत के बाहर ‘डे-केयर सेंटर जल्द शुरू हो रहा है’ का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि, सेंटर वास्तव में शुरू नहीं हुआ था। इमारत का लोहे का गेट बंद था और अंदर जाने का रास्ता भी बंद कर दिया गया था। पिछले कुछ दिनों से यहां से आ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास के लोग परेशान थे। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बंद गेट खोलकर अंदर दाखिल हुई। वहां एक कमरे में शव मिला।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव को संरक्षित करने की प्रक्रिया क्या थी, इसमें हिरासत में ली गई महिला की क्या भूमिका थी और मामले में कौन-कौन से कानूनी पहलू लागू होते हैं। साथ ही, परिवार की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होगी।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

