home page

मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों पर चापड़ से हमला

 | 

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। शाहदरा जिला के सीमापुरी इलाके में रविवार रात नशे का धंधा करने वाले युवकों ने दो युवकों पर चापड़ (मीट काटना वाला बड़ा छुरा) से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। हमले के बाद दोनों को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, वहीं दूसरे का इलाज जारी है।

मृतक की पहचान रफीकुल शाह (29) के रूप में हुई है। वहीं अस्पताल में आमिर उर्फ कालू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सोमवार को रफीकुल का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उधर युवक की हत्या व दूसरे पर जानलेवा हमला करने के बाद एरिया में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित अक्सर कोई न कोई वारदात को अंजाम देते हैं। फिलहाल हालात देखते हुए एरिया में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हुई हैं।

पुलिस के मुताबिक रफीकुल परिवार के साथ न्यू सीमापुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता निजाम शाह, मां गुलेनूर, तीन भाई गुलाम रसूल, गुलजार, रमजान और चार बहनें हैं। रफीकुल अपने तीनों भाइयों के साथ एरिया में स्क्रैप का काम करता था। रफीकुल के भाई गुलाम रसूल ने बताया कि उसका भाई कभी-कभार नशा करता था। किसी बात पर उसकी व दोस्त आमिर की नशे का धंधा करने वाले लोगों से खटपट हो गई थी। रविवार रात करीब 8.15 बजे रफीकुल आमिर के साथ ई-ब्लॉक में एक मीट की दुकान के बाहर खड़ा हुआ था। इस बीच आरोपित कई लड़के वहां पहुंचे। इन लोगों ने आमिर व रफीकुल पर चापड़ से हमला कर दिया।

आरोपितों ने रफीकुल के प्राइवेट पार्ट के पास चापड़ मारा। आमिर पर भी कई वार किए गए। बाद में आरोपित धमकी देकर मौके से फरार हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रफीकुल को मृत धोषित कर दिया गया। अब पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी