मादक पदार्थ तस्करी का दो साल से फरार तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर, 06 मार्च (हि.स.)। फलोदी पुलिस ने एमडीएमए तस्करी के एक मामले में दो साल से फरार चल रहे वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 25.90 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया था। उसके खिलाफ चित्तौडग़ढ़ और भीलवाड़ा जिलों में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
फलोदी के पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृत्ताधिकारी लोहावट नगेंद्र कुमार के सुपरविजन में भोजासर थानाधिकारी जमील खान की टीम ने यह कार्रवाई की। मामला 2 मई 2024 का है, जब भोजासर पुलिस ने ऑपरेशन अनामिका के तहत मिली सूचना पर कार्रवाई की थी। उस समय चाडी निवासी भोमाराम पुत्र रणुराम की जेब से 25.90 ग्राम एमडीएमए बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया था।
भोमाराम ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि यह अवैध मादक पदार्थ अशोक ने उसे सप्लाई किया था। इसके बाद, सप्लायर अशोक की गिरफ्तारी के लिए भोजासर थानाधिकारी जमील खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए नागौर जिले के श्री बालाजी थाना क्षेत्र के सथेरण निवासी अशोक पुत्र फुलाराम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद, अशोक को अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपित के खिलाफ पहले भी चार अन्य मामले दर्ज हैं, जिनमें चित्तौडग़ढ़ और भीलवाड़ा जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

