महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 23 मार्च (हि. स.)। शहर में महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक का नाम शरणेंदु मंडल (27) है, जो चयनपाड़ा इलाके का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित के अभद्र व्यवहार को लेकर लंबे समय से कई शिकायतें मिल रही थी। आरोप है कि वह स्कूटी से शहर के अलग-अलग गली और सुनसान इलाकों में घूमता था और अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके साथ आपत्तिजनक तरीके से छेड़छाड़ करता था।
हाल ही की घटना हाकिमपाड़ा इलाके में सामने आई, जहां एक कॉलेज छात्रा इसके शिकार हुई। इस घटना के बाद 19 तारीख को सिलीगुड़ी महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला सामने आने के बाद कई अन्य महिलाएं भी आगे आईं और अपने साथ हुई इसी तरह की घटनाओं की जानकारी दी।
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर आरोपित की पहचान कर ली। बीती देर रात महिला थाना पुलिस ने जलपाईमोड़ इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ दर्ज सभी शिकायतों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

