मंदिर के सेवादार की धारदार हथियार से काटकर हत्या
रायबरेली, 23 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में जगतपुर थाना क्षेत्र में एक मंदिर के सेवादार की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को क़ब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम की मदद से पड़ताल की जा रही है।
ज़िले के जगतपुर थाना क्षेत्र के चिचौली गांव निवासी रामलखन (60) गांव के मंदिर में सेवादार और मंदिर परिसर में ही रहते थे।
रविवार की सुबह ग्रामीणों ने सेवादार के कमरे में जाकर देखा तो खून से लथपथ शव पड़ा था।ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि सेवादार की शादी नहीं हुई थी और कोई नज़दीकी रिश्तेदार भी नहीं थे।वह गांव के बाहर मंदिर बनवाकर वहीं रहते थे।अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर के सेवादार की धारदार हथियार से हत्या की गई है। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

