मंदसौर: ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त 1886.6 किलो केमिकल जब्त, किरायेदार पर मामला दर्ज
मंदसौर, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के थाना वायडी नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ निर्माण में उपयोग किए जाने वाले भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 1886.6 किलोग्राम केमिकल बरामद किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय ने बताया कि बुधवार को विजय हाउसिंग सोसायटी कॉलोनी, फार्मेसी कॉलेज रोड, कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान से यह केमिकल जब्त किया गया। यह मकान ललिता पति प्रदीप जैन (तरसिंग), निवासी नई आबादी, सरकारी बाजार रोड, मंदसौर का है।
जानकारी के अनुसार, ललिता ने थाना वायडी नगर में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने उक्त मकान 1 जनवरी 2026 से श्रेयांस पुत्र धरमचन्द्र मोगरा, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) को किराये पर दिया था। आवेदन में मकान को सुपुर्दगी में दिलवाने का निवेदन किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान उप निरीक्षक हेमंत शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के बाहर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। हाल के भीतर नीले, हरे और पीले रंग के प्लास्टिक ड्रम रखे मिले, जिनसे तीव्र केमिकल जैसी गंध आ रही थी। ड्रमों के ढक्कन खोलकर देखने पर उनमें तरल पदार्थ भरा पाया गया।
प्रथम दृष्टया यह पदार्थ मादक पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाला संदिग्ध केमिकल प्रतीत हुआ।
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 1886.6 किलोग्राम केमिकल जब्त कर लिया। मामले में आरोपी श्रेयांस मोगरा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

