home page

भैंसों से भरा कंटेनर जब्त, आरोपित गिरफ्तार

 | 
भैंसों से भरा कंटेनर जब्त, आरोपित गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 10 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा थाने की पुलिस ने एक बड़े पशु तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 38 भैंसों से भरे एक कंटेनर को जब्त किया है। इस मामले में शाहिदुल इस्लाम (26) नामक एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जो असम के बोंगाईगांव का निवासी बताया जा रहा है।

फांसीदेवा पुलिस को गुरुवार देर रात सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए भारी संख्या में भैंसों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांतिभीटा इलाके में देर रात नाका चेकिंग शुरू की गई। इस दौरान तड़के एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। तलाशी लेने पर पुलिस ने पाया कि कई कंटेनर के अंदर ठूंस-ठूंसकर 38 भैंसों को भरा गया था। चालक से वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने तस्करी की बात स्वीकार कर ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि भैंसों को बिहार से असम ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और बरामद सभी भैंसों को सुरक्षित स्थान में भेज दिया गया है।आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार