भाटागांव में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 6.3 लीटर देशी शराब जब्त
रायपुर, 24 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपित के कब्जे से 6.300 लीटर देशी मसाला शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, भाटागांव देवपुरी क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से शराब का विक्रय कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित तोरण गायकवाड़ उर्फ सोनू (24 वर्ष) निवासी सरकारी अस्पताल के पीछे, भाटागांव देवपुरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 35 पौवा (6.300 लीटर) देशी मसाला शराब बरामद की गई।
आरोपित के खिलाफ टिकरापारा थाने में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, शहर में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग और कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

