home page

भरतपुर के नदबई में ज्वैलर की गोली मारकर हत्या

 | 
भरतपुर के नदबई में ज्वैलर की गोली मारकर हत्या


भरतपुर, 25 मार्च (हि.स.)। नदबई कस्बे में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वैलर की गोली मारकर हत्या कर दी और सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वैलर योगेंद्र चौपड़ा (45) बुधवार शाम अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे, बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके गले में गोली मार दी, जिससे वे मौके पर ही स्कूटी सहित गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तुरंत नदबई अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश योगेंद्र का सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपित नगर रोड की ओर से आए थे और वारदात के बाद गलियों के रास्ते निकल गए। योगेंद्र रोज सुबह जेवरात से भरा बैग घर से दुकान ले जाते थे और शाम को वापस घर लाते थे, इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को स्ट्रेचर पर रखकर मुख्य बाजार से रैली निकाली और थाने के सामने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया की लूट के इरादे से बदमाशों ने फायरिंग की थी, जिसमें ज्वैलर की मौत हो गई। पुलिस तत्काल जांच में जुट गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

मृतक योगेंद्र चौपड़ा अपने पीछे मां, छोटा भाई, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। इस घटना से पूरे परिवार में शोक में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर