home page

ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर धराया

 | 
ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर धराया


सिलीगुड़ी, 23 मई (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं बटालियन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 103.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को दबोचा है। यह कार्रवाई शुक्रवार खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के सोना चांदी गांव, एनएच-327C के पास की गई, जो भारत-नेपाल सीमा से लगभग दस किलोमीटर दूर स्थित है।

एसएसबी मुख्यालय की खुफिया शाखा से प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर ‘ई’ कंपनी कदोमनी जोट की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) ने अभियान चलाकर आरोपित को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 103.8 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।

बरामद मादक पदार्थ की जांच स्निफर डॉग और ड्रग डिटेक्शन किट की सहायता से की गई, जिसमें पॉजिटिव परिणाम मिले। प्रारंभिक पूछताछ में एक संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले है। आरोपित कथित तौर पर कूरियर के रूप में यह खेप खोरीबाड़ी पहुंचाने वाला था।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद सिराजुल हक (34) के रूप में हुई है। जो उत्तर दिनाजपुर जिले का निवासी है।

इस अभियान में एसएसबी के एक सब-इंस्पेक्टर समेत कुल छह जवान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपित और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाना पुलिस को एनडीपीएस एक्ट के तहत सौंप दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार