बेलघरिया एक्सप्रेसवे हत्याकांड में मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार
कोलकाता, 14 जुलाई (हि.स.)। बेलघरिया एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर हुए हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दमदम थाना पुलिस ने सोमवार रात विशेष अभियान चलाकर इस वारदात के कथित मास्टरमाइंड सुमन राय और उसके दो साथियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात उत्तर दमदम के खलिशाकोटा इलाके में बेलघरिया एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर हुई थी। इस दौरान राजा दत्ता नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था।
मामले की जांच में जुटी दमदम थाना पुलिस ने विभिन्न सुरागों के आधार पर सोमवार रात छापेमारी कर मुख्य आरोपित सुमन राय और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हत्याकांड के पीछे की साजिश और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

