बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर वारदात करने वाला कुख्यात बदमाश विनोद पथैना गैंग सहित गिरफ्तार
भरतपुर, 22 मई (हि.स.)। पुलिस ने भरतपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश विनोद पथैना और उसके गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार को भरतपुर जिला कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
कोर्ट पहुंचा विनोद पथैना लंगड़ाते हुए नजर आया। पुलिसकर्मी उसे सहारा देकर कोर्ट तक लेकर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि दबिश के दौरान भागते समय उसका पैर मुड़ गया था, जबकि बचाव पक्ष ने पुलिस हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया है।
मथुरा गेट थाना पुलिस के अनुसार गुरुवार रात डीएसटी टीम की सूचना पर सारस चौराहे स्थित उन्नति होटल में दबिश दी गई। यहां विनोद पथैना अपने साथियों के साथ ठहरा हुआ था और कथित रूप से जमीन कब्जाने एवं बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था।
पुलिस ने मौके से विनोद पथैना, केशव, अशोक, घनश्याम, जितेंद्र, गंगासहाय और हाकिम को गिरफ्तार किया। होटल संचालक जगदीश भी गैंग का सदस्य बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है।
थानाधिकारी हरलाल मीणा ने बताया कि विनोद पथैना के कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, तलवार, कारतूस रखने का होल्स्टर और बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक विनोद खुद की सुरक्षा के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर चलता था।
इसके अलावा केशव के पास से भी एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। पुलिस को होटल से बेशकीमती जमीनों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि गैंग जमीन कब्जाने की बड़ी योजना बना रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सक्रिय रहा है। विनोद पथैना पर व्यापारियों से रंगदारी मांगने और कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार करीब तीन साल पहले उसके गैंग ने जिम के बाहर एक कारोबारी के पैर में गोली मारी थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
जांच में यह भी सामने आया कि विनोद भरतपुर के पथैना गांव का रहने वाला है और उसके पिता रिटायर्ड पुलिस अधिकारी हैं। हालांकि अपराध की दुनिया में जाने के बाद परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। विनोद पथैना के वकील विवेक हथैनी ने कोर्ट में आवेदन देकर दोबारा मेडिकल कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस कस्टडी में विनोद के साथ मारपीट हुई, जिसके कारण वह लंगड़ाकर चल रहा है। वहीं पुलिस ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि दबिश के दौरान भागते समय वह चोटिल हुआ था।
फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

