home page

बीकानेर में भाई ने फंदा लगाकर दी जान, सदमे में बहन ने खाया जहर

 | 
बीकानेर में भाई ने फंदा लगाकर दी जान, सदमे में बहन ने खाया जहर


बीकानेर, 19 जुलाई (हि.स.)। बीकानेर शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना में 13 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई को फंदे से लटका देखकर उसकी 15 वर्षीय बहन ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसका पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी है।

कोटगेट थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भाई-बहन के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान बड़ी बहन ने छोटे भाई को डांट दिया। इससे नाराज होकर किशोर घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में गया और चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे। पड़ोसियों ने खिड़की से किशोर को फंदे से लटका देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। नीचे कमरे में पढ़ रही बहन जब ऊपर पहुंची तो भाई को फंदे पर लटका देखकर उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना मिलने पर परिजन दोनों बच्चों को पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया, जबकि किशोरी का उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घर तक जाने वाला रास्ता संकरा होने के कारण एम्बुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। करीब 100 मीटर दूर खड़ी एम्बुलेंस तक दोनों बच्चों को स्ट्रेचर के माध्यम से ले जाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल