बीकानेर में बेटे ने लाठी से पीटकर बुजुर्ग मां की हत्या की
बीकानेर, 12 जुलाई (हि.स.)। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बाना गांव में रविवार तड़के एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी 70 वर्षीय मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने अपनी पत्नी को मां के मौत की जानकारी दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर वह घर से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि मृतका की पहचान गीता देवी (70) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उनके बेटे रामनिवास को हिरासत में लिया गया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका का बेटा रामनिवास रविवार तड़के करीब चार बजे अपनी पत्नी को जगाकर बोला कि उसकी मां की मौत हो गई है। पत्नी के शोर मचाने पर अन्य परिजन भी जाग गए और बाहर पहुंचे। इस दौरान रामनिवास अपनी मां के पलंग को सरका रहा था। परिजनों को आता देख वह मौके से भाग निकला। मृतका के दूसरे बेटे ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे भी रामनिवास घर में इधर-उधर टहल रहा था। सुबह घटना सामने आने के बाद उसने मां की हत्या का संदेह जताया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

