बहराइच में पुलिस कस्टडी से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
बहराइच, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच की मोतीपुर पुलिस ने शुक्रवार काे 25 हजार के इनामी मादक पदार्थ तस्कर टेक बहादुर नेपाली को गिरफ्तार किया है। यह तस्कर करीब 15 दिन पहले पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गया था । बीती 30 अप्रैल को मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलई गांव में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की टीम नेपाल से आने-जाने वालों की सघन चेकिंग कर रही थी। उसी समय पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के बांके जिला के कोहलपुर निवासी टेक बहादुर नेपाली को 18 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, कस्टडी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फरार तस्कर पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
शुक्रवार को थानाध्यक्ष मोतीपुर को सूचना प्राप्त हुई कि फरार तस्कर फुट्टा चौराहा जंगल बलईगांव के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हुई और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। एएसपी ग्रामीण डी पी तिवारी ने बताया फरार नेपाली तस्कर को पुनः गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

