फ्लिपकार्ट शिपमेंट में हेराफेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 40 लाख के मोबाइल बरामद
बागपत, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट की शिपमेंट में हेराफेरी कर लाखों रुपये का चूना लगाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के 42 ब्रांडेड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में बड़ौत निवासी हिमांशु, शामली के बाबरी निवासी अभिषेक और बागपत निवासी अनिल शामिल हैं। गिरोह का सरगना और हब इंचार्ज आशीष चौधरी है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले करीब डेढ़ साल से शिपमेंट में हेराफेरी कर कंपनी को भारी नुकसान पहुंचा रहा था। आरोपी शिपमेंट की अनलोडिंग के दौरान महंगे मोबाइल फोन पार्सलों से निकाल लेते थे और इस पूरी वारदात को सीसीटीवी कैमरों से बचकर अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी किए गए मोबाइलों को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में बेच दिया जाता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में कंपनी को करीब 77 लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है। बरामद किए गए मोबाइल विभिन्न नामी कंपनियों के हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया है कि यह सारी कार्रवाई बड़ौत क्षेत्राधिकारी अंशु जैन के नेतृत्व में की गई थी जिनके कुशल नेतृत्व और प्रयास के कारण इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

