home page

फालाकाटा में प्रशासन ने नष्ट किया डेढ़ बीघा अवैध अफीम की खेती

 | 
फालाकाटा में प्रशासन ने नष्ट किया डेढ़ बीघा अवैध अफीम की खेती


अलीपुरद्वार, 15 मार्च (हि. स.)। जिले के फालाकाटा इलाके में रविवार को पुलिस और ब्लॉक प्रशासन ने अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। बंशिधरपुर गांव में करीब डेढ़ बीघा जमीन पर की जा रही अफीम की खेती को ट्रैक्टर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

स्थानीय लोगों को पहले लगा था कि खेत में कोई साग या विदेशी फूल उगाए जा रहे है। लेकिन हरे-भरे पौधों के पीछे अवैध मादक पदार्थ का कारोबार छिपा हुआ था। गुप्त सूचना मिलने के बाद फालाकाटा थाना पुलिस ने रविवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

इस अभियान के दौरान फालाकाटा थाने के आईसी प्रशांत विश्वास, बीडीओ अदिता समाद्दार तथा ब्लॉक के भूमि और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पहले जमीन की माप की, जिसमें पता चला कि लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर योजनाबद्ध तरीके से अफीम की खेती की गई थी। इसके बाद ट्रैक्टर चलाकर पूरे खेत को नष्ट कर दिया गया।

प्रशासन का प्राथमिक अनुमान है कि इस अवैध कारोबार के पीछे स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिले के किसी प्रभावशाली गिरोह का भी हाथ हो सकता है।

बीडीओ अदिता समाद्दार ने कहा कि अफीम की खेती पूरी तरह गैरकानूनी और दंडनीय अपराध है। जमीन के मालिक और इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार