home page

फर्रुखाबाद: पूर्व विधायक के बेटे ने भाजपा नेता के पुत्र के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

 | 
फर्रुखाबाद: पूर्व विधायक के बेटे ने भाजपा नेता के पुत्र के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा


फर्रुखाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आवास विकास कॉलोनी स्थित होटल डायमंड के बाहर विवाद के दौरान फायरिंग के आरोप में पूर्व विधायक एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार के पुत्र अभय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता के पुत्र बादल श्रीवास्तव के खिलाफ कादरी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

पीड़ित अभय ने तहरीर में आरोपी पर रिवॉल्वर से तीन फायर करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित अभय सिंह के मुताबिक, वह अपने पैलेस से घर लौट रहे थे। होटल डायमंड के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद होता देख उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान बादल श्रीवास्तव उनसे विवाद करने लगा और रिवॉल्वर निकालकर फायर कर दिया।

तहरीर के अनुसार, इसके बाद अभय अपने पिता और स्टाफ के साथ आरोपी के पीछे गए तो उसने दो और फायर किए। अभय का आरोप है कि तीनों फायर में वह और मौके पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

अभय ने तहरीर में बादल श्रीवास्तव के खिलाफ पूर्व में भी फायरिंग से संबंधित मुकदमे दर्ज होने का दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग की वास्तविक स्थिति और घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर