फर्रुखाबाद: दुष्कर्म के प्रयास से आहत किशोरी ने फांसी लगाई दी जान
फर्रुखाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कायमगंज थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के प्रयास से आहत किशोरी ने शनिवार दोपहर फांसी लगाकर जान दे दी। यह जानकारी मिलते ही आरोपित पक्ष के परिजन घरों से फरार हो गए। पुलिस घटना की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
कायमगंज के ग्राम नरसिंहपुर निवासी अनुराग उर्फ अन्ने जोशी के घर में आज दोपहर 14 वर्षीय एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। आरोप है कि अन्ने के पड़ोस में कोयल नट का परिवार रहता है। कोयल नट का रिश्तेदार थाना नवाबगंज के ग्राम राज राठौरा निवासी विकास नट काफी समय से मृतक किशोरी से एकतरफा प्यार करता था। आज जब किशोरी खेतों में शौच करने गई थी, तभी आरोपित विकास उसके पीछे गया और खेत में जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी ने विकास की हरकतों का विरोध किया तो उसने उसकी पिटाई की। किसी तरह आरोपित के चंगुल से बचकर किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
विकास की हरकतों की जानकारी मिलते ही कोयल के परिजन अन्ने के घर पहुंचे और राजीनामा कर माफी मंगवाने के लिए वार्ता करने लगे। इसी दौरान घर पर किशोरी ने पंखे में साड़ी बांध कर फांसी लगा ली। बेटी को फांसी पर लटका देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस मामले की जानकारी होते ही कोयल नट के परिवार के पुरुष घर छोड़कर भाग गए।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला फॉरेंसिक टीम एवं स्वाट टीम मौके पर पहुंची। गांव में बवाल की आशंका से पुलिस मृत किशोरी के शव को ले गई और परिजन एवं गांव के लोग पुलिस के पीछे चले गए। विकास के घर पर न मिलने पर पुलिस उसकी मां को कोतवाली ले गई। बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी कक्षा 8 पास थी और उसके दो भाई हैं। पिता खेती एवं पंडिताई का काम करते हैं।
कोतवाल विनोद कुमार ने बताया के आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

