फरारी काट रहा पचास हजार का इनामी गिरफ्तार
बहराइच, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की एसओजी और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को पचास हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2005 में जिला कारागार बहराइच से फरार अपराधी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। पकड़ा गया आरोपित मटेरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।
मटेरा थाना क्षेत्र के धनौली गांव निवासी शमीम (60) वर्ष 2005 में नानपारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार हुआ था, जिसे जिला कारागार बहराइच भेजा गया। वह से वहां माैका पाकर फरार हो गया था। काेतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ फरारी का मुकदमा दर्ज किया। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर तत्कालीन पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र की ओर से उस पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
करीब दो दशक से अधिक समय से फरार चल रहे शमीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने विशेष टीम गठित की थी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात ददन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही थी। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस को आखिरकार सफलता मिल गई। गिरफ्तार शमीम का लम्बा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ नबाबगंज और नानपारा थानों में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्हाेंने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

