प्रतापपुर में सूने मकान में चल रहा था जुए का फड़, 99 हजार 600 रुपये के साथ सात गिरफ्तार
सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक सूने मकान में जुआ खेल रहे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद के अलावा तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल, एक ओमनी कार, सात मोबाइल और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं।
सूरजपुर पुलिस ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास स्थित एक सूने मकान में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेलते हुए सात लोगों को पकड़ लिया। इनमें नंदकेश्वर पैंकरा (35वर्ष ), निवासी कोनी थाना पस्ता, अब्दुल रज्जाक (38वर्ष ) और मोहम्मद जाहिद (44वर्ष ), दोनों निवासी प्रतापपुर, बबलू इराकी (40वर्ष ), निवासी कदोरा चौकी डबरा, सुनील कुमार (31वर्ष ), निवासी डबरा चौकी डबरा, आशीष कुमार (19वर्ष ), निवासी पहिया थाना चंदौरा और बसंत कुमार (30वर्ष ), निवासी सेमरा शामिल हैं।
पुलिस ने जुआ फड़ और पकड़े गए लोगों के पास से कुल 99 हजार 600 रुपये बरामद किए। इसके साथ ही मौके पर खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल, एक ओमनी कार और सात मोबाइल भी जब्त किए गए। मामले में थाना प्रतापपुर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी सातों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

