पौधों की आड़ में मवेशी तस्करी, दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 27 सितंबर (हि.स.)। दार्जिलिंग जिला पुलिस की फांसीदेवा थाना पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से मवेशी तस्करी के एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वाहन से आठ भैंसों को बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में असम के बरपेटा निवासी जालू प्रमाणिक और अब्दुर रहीम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर देर रात घोषपुकुर-फुलबाड़ी-27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के मोहम्मद बक्स मोड़ पर वाहन को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में नर्सरी के पौधों की आड़ में भैंसों को ले जाते हुए पाया गया। चालक और सहचालक के पास पशुधन परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर वाहन को जब्त कर लिया गया।
बरामद आठ भैंसों को सुरक्षित रूप से खटाल भेज दिया गया है। पुलिस ने मवेशी तस्करी के आरोप में जालू प्रमाणिक और अब्दुर रहीम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

