home page

पुलिस लाइन में कॉन्स्टेबल ने टांके में कूदकर की आत्महत्या

 | 
पुलिस लाइन में कॉन्स्टेबल ने टांके में कूदकर की आत्महत्या


बाड़मेर, 01 मार्च (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के एक युवा कॉन्स्टेबल ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी है।

पुलिस के अनुसार अमृता देवी बटालियन का जवान खड़ीन निवासी विजय कुमार (24) पुत्र धनाराम हाल ही में भर्ती हुआ था और पुलिस लाइन में प्रथम चरण का प्रशिक्षण ले रहा था। उसने 11 फरवरी को जॉइन किया था। रविवार सुबह रोल कॉल के दौरान वह अनुपस्थित पाया गया। साथी जवानों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसके कमरे की जांच की गई, जहां एक सुसाइड नोट मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल और मंदिर के पास बने टांके तक पहुंची। गोताखोरों की मदद से टांके में तलाश की गई, जहां उसका शव पानी में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि सुबह हाजिरी के दौरान अनुपस्थित रहने पर पूरे पुलिस लाइन क्षेत्र में खोजबीन की गई। गोताखोरों को बुलाकर टांके में तलाशी ली गई, जहां शव बरामद हुआ।

परिजनों को सूचना दी गई और उनके पहुंचने के बाद शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस को मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट और कुछ अन्य सामान मिला है। नोट में उसने लिखा है, “मैं खुद परेशान हूं। जीवन से तंग आ चुका हूं।” प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसका इलाज चल रहा था। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उसके पिता उससे मिलने पुलिस लाइन आए थे और बाद में गांव लौट गए। उस समय तक वह सामान्य व्यवहार कर रहा था। रात को उसने भोजन किया और मोबाइल पर खेल भी खेला।

अनुमान है कि देर रात उसने टांके में कूदकर यह कदम उठाया।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होना सामने आया है। जवान का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस लाइन में सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं होने से जांच में तकनीकी साक्ष्यों की कमी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित