home page

पुलिस की हिरासत से फरार बांग्लादेशी नागरिक 24 घंटे बाद गिरफ्तार

 | 
पुलिस की हिरासत से फरार बांग्लादेशी नागरिक 24 घंटे बाद गिरफ्तार


मुर्शिदाबाद, 5 सितंबर (हि.स.)। अदालत में पेशी के लिए ले जाते समय पुलिस को चकमा देकर प्रिजन वैन से फरार हुए बांग्लादेशी नागरिक को पुलिस ने करीब 24 घंटे तक चले अभियान के बाद शनिवार सुबह मियांपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार हुए दूसरे व्यक्ति को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वैध दस्तावेज नहीं होने के आरोप में गुरुवार को रघुनाथगंज के कृष्णशाइल मोड़ इलाके से आनारुल शेख और मोहम्मद रुबेल शेख को हिरासत में लिया गया था। दोनों के घर बांग्लादेश के चांपाइनवाबगंज जिले में बताए गए हैं।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रघुनाथगंज थाने की पुलिस दोनों को तीन अन्य आरोपितों के साथ जंगीपुर महकमा अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी। रास्ते में कागजात की फोटोकॉपी कराने के लिए एक पुलिसकर्मी वाहन से नीचे उतरा। इसी दौरान दोनों आरोपित पुलिस की प्रिजन वैन से फरार हो गए।

घटना के बाद रघुनाथगंज थाना पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस ने आनारुल शेख को पकड़ लिया, लेकिन रुबेल शेख फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, रुबेल खड़खड़ी नदी पार कर गोपालनगर के घने जंगल में छिप गया था। इसके बाद पुलिस ने रातभर इलाके में नाकाबंदी के साथ जंगल को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।

करीब 24 घंटे बाद शनिवार सुबह पुलिस ने रुबेल शेख को मियांपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय