home page

पुलिस अभिरक्षा से भागा चोरी का आरोपित मुठभेड़ में घायल

 | 
पुलिस अभिरक्षा से भागा चोरी का आरोपित मुठभेड़ में घायल


पुलिस अभिरक्षा से भागा चोरी का आरोपित मुठभेड़ में घायल


गिरफ्तार आरोपित 15 दिन पूर्व मेडिकल परीक्षण के दौरान हो गया था फरार

झांसी, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में कोतवाली थाना क्षेत्र में 15 दिन पूर्व पुलिस अभिरक्षा से फरार चोरी के आरोपित को आखिरकार रविवार तड़के थाना पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस बरामद किया है।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि बीते 16 मार्च को कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेवाती पुरा निवासी महिला ऊषा के घर चोरी की घटना में पुलिस टीम ने दो आरोपितों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों में एक मध्य प्रदेश के ग्वालियर बिजौली थाना क्षेत्र निवासी संजय उर्फ दीपक तथा दूसरा मध्य प्रदेश के जिला दतिया हरदौल मोहल्ला निवासी नदीम था। नदीम गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा से जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान पुलिस कर्मी ज्ञानेन्द्र पटेल व मयंक गुप्ता को चकमा देकर भाग निकला था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वाट और कोतवाली पुलिस को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया था। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस नदीम की तलाश कर रही थी। रविवार सुबह तड़के दोनों टीमों को सूचना मिली कि सफेद रंग की अपाचे बाइक से आरोपित नदीम कही भागने की फ़िराक़ में नगरिया कुआं के पास है। इस सूचना पर दोनों टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही आरोपित नदीम ने तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगा।

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीमों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित नदीम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस सहित बिना नम्बर की बाइक बरामद कर लिया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया