home page

पुरानी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या

 | 
पुरानी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के जहांगीरपुरी इलाके में आपसी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। रामलीला मैदान में 18 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हसमत के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:05 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि जहांगीरपुरी निवासी हसमत को गंभीर हालत में लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर कई चाकू के घाव पाए गए। पुलिस जांच में मृतक के भाई हकीम ने बताया कि शाम करीब छह बजे रामलीला मैदान में दिलशाद, इरफान और इमरान (तीनों सगे भाई) तथा रिजबुल ने मिलकर हसमत पर हमला किया। आरोप है कि सभी ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हकीम का आरोप है कि वह पिछले पांच-छह वर्षों से मनवरा नामक युवती के संपर्क में था, जो आरोपितों के परिवार से है। वर्ष 2024 में शादी के बाद भी यह संबंध जारी रहने से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार हाल ही में ईद के मौके पर भी दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि मृतक की पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे विवाद और गहरा गया। इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने मौके का फायदा उठाकर हसमत पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जहांगीरपुरी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी