home page

पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला

 | 
पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला


जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। शहर में बुधवार देर रात मंडोर रोड स्थित सनसिटी अस्पताल के सामने एक युवक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे के सरिये और लाठियों से लैस होकर युवक पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। घायल करण सरगरा ने नामजद आरोपित अंकित सरगरा की मोटर साइकिल तोड़ी थी। दो माह पूर्व आपस में मारपीट भी हुई थी, जिसके चलते गुरुवार देर रात सवा ग्यारह बजे पांच युवकों ने करण सरगरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल करण की ओर से अंकित, परमेश्वर, आकाश, वसीम सहित एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। थानाधिकारी देवड़ा ने बताया कि आरोपिताें में एक के हाथ में तलवार और दो अन्य के हाथ में लोहे के पाइप और लाठियां थी। घायल करण सरगरा के खिलाफ पहले से 3 मामले दर्ज हैं। अंकित के खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार फुटेज देखकर आरोपिताें की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश