पिता को फोन कर पुत्र ने फांसी लगा दे दी जान
फर्रुखाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। थाना जहानगंज क्षेत्र में सोमवार की शाम पिता को फोन करने के बाद पुत्र ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर टप्पा मंडल गांव निवासी पंचम सिंह के 29 वर्षीय पुत्र श्रीकृष्ण ने घर से निकलने के बाद शाम करीब 4:30 बजे अपने पिता को फोन किया और बताया कि उसकी साइकिल सरनाम के खेत में खड़ी है, उसे किसी से मंगवा लिजिएगा, मैं अब इस दुनिया से विदा ले रहा हूं।
बेटे का फोन कटने के बाद ही पंचम सिंह परिजनों के साथ उसकी तलाश में जुट गए। शाम करीब पांच बजे जब वे बताए गए स्थान पर पहुंचे तो सरनाम सिंह के खेत में खड़े शीशम के पेड़ पर श्रीकृष्ण का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया।
श्रीकृष्ण तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनका विवाह करीब पांच वर्ष पहले हुआ था और उनके दो छोटे बच्चे-रुद्र प्रताप और गौरी हैं।
सूचना मिलते ही दरोगा उदयवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

