पारिवारिक विवाद में भतीजे ने फरसी से की चाचा की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
कोरबा, 13 सितम्बर (हि. स.)। जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पनगवां में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही चाचा पर फरसी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में आरोपित भतीजे दुर्गेश कुरूम (28) को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान पनगवां निवासी गुलाब सिंह (55) के रूप में हुई है।
रविवार को कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने बताया कि, शनिवार 12 सितंबर की रात करीब 9 बजे पनगवां गांव में गुलाब सिंह का अपनी मां और आरोपित दुर्गेश की दादी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच बहस चल रही थी। इसी दौरान दुर्गेश वहां पहुंच गया। चाचा और दादी के बीच हो रही बहस को देखकर वह आक्रोशित हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दुर्गेश ने फरसी से अपने चाचा गुलाब सिंह पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात में इस्तेमाल फरसी को भी बरामद कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आरोपित से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों और विवाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

