पारिवारिक विवाद पर भाई ने मारी गोली, भाई-भतीजी घायल
सुलतानपुर, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र स्थित अहिवरनपुर गांव में बुधवार की बीती देर रात पारिवारिक विवाद में एक भाई ने अपने ही भाई और भतीजी को गोली मार दी। गोली लगने से पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
अहिवरनपुर निवासी इंद्रेश्वर सिंह (52) ने बताया कि उनके भाई राजेश्वर सिंह (54) ने घर में एक गैर महिला को रखा हुआ था, जिसका परिवार लगातार विरोध कर रहा था।
बुधवार की रात 11 बजे इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि आरोपित भाई धनेश्वर सिंह (42), देवांश (19) और ब्यूटी सिंह (38) ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और असलहे से हमला कर दिया। उन्होंने राजेश्वर सिंह और उनकी 16 वर्षीय बेटी सीता सिंह पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।
गोली लगने से राजेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जबकि बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी सीता सिंह भी घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। दोनों की हालत गंभीर है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने गुरुवार को बताया कि अहिबरनपुर गाँव में भाइयों के बीच में संपत्ति के बँटवारे को लेकर विवाद की बात प्रकाश में आई है और उसी में मारपीट और गोली चली है जिसमें राजेश्वर सिंह और सीता घायल हैं। परिजनों की तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

