परीक्षा सील्ड बॉक्स की फोटो स्टेट्स पर लगाना पड़ा भारी, कर्मचारी सस्पेंड
उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त परीक्षा 2025 की सील्ड बंद स्टील बॉक्स के फोटो खीचकर लगाई
जोधपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। जोधपुर में आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त परीक्षा 2025 के सील्ड बंद स्टील बॉक्स के फोटो खींचकर स्टेट्स पर लगाना सरकारी कर्मचारी को भारी पड़ गया। सरकारी कर्मचारी दीपक को विभाग की तरफ से सस्पेंड कर दिया गया। इसके खिलाफ उदयमंदिर थाने में शिक्षा विभाग की तरफ से परिवाद भी दिया गया है।
उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि 03 अप्रैल को उप निरीक्षक / प्लाटून कमाण्डर संयुक्त परीक्षा 2025 की सील्ड बंद स्टील बॉक्स को कोषालय में रखते हुए सरकारी कार्मिक दीपक गहलोत ने फोटो खींच ली। बाद में उसे अपने मोबाइल के स्टेट्स पर लगा दिया। इसका पता लगने पर उसे विभाग की तरफ से निलंबित करने के आदेश जारी हो गए। वह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आसोप भोपालगढ़ में बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक लगा हुआ है।
उसने कौतुहलवश फोटो खींच कर अपने व्हाटसएप पर स्टेटस लगाया था, जिसकी सुचना मिलने पर तुरंत प्रभाव से उक्त कार्मिक से पूछताछ की गई जिससे उसने अज्ञानतावश स्टेट्स लगाना जाहिर किया गया।
कार्मिक के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा निलंबित किया गया तथा फोटो खींचने के सम्बन्ध में दिया गया परिवाद पर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

