home page

परीक्षा में मोबाइल लेकर पहुंची परीक्षार्थी गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 14 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीजेईबी) द्वारा आयोजित सहायक नर्स और मिडवाइफ (एएनएम) और जनरल नर्सिंग और मिडवाइफ (जीएनएम) प्रवेश परीक्षा के दौरान नियम उल्लंघन का मामला सामने आया है। बागडोगरा में परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने के आरोप में एक परीक्षार्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को राज्यभर में यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी, जो दो वर्षीय एएनएम और तीन वर्षीय जीएनएम कोर्स में दाखिले के लिए होती है।बागडोगरा स्थित शुभमाया सूर्यनारायण हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर बालुरघाट की रहने वाली अनीशा बर्मन परीक्षा देने पहुंची थी। परीक्षा के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने पर बागडोगरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त मना होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार