पंद्रह हजार रुपये रिश्वत लेते वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी ट्रेप
जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेटिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेन्टेशन के फील्ड ऑपरेशन डिविजन, पटेल मार्ग मानसरोवर में कार्यरत वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी मुकेश माल्या को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते डिटेन किया। ट्रेप कार्रवाई के दौरान आरोपित ने पूर्व से किडनी संबंधी बीमारी का उपचार चलने की जानकारी दी। इसके बाद उसे पहले गणगौरी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने पर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एसीबी की शेष टीम अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को शिकायत मिली थी कि परिवादी की ग्रीन माउन्टेन जेम्स प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर नामक फर्म रत्न पन्ना की मैन्युफैक्चरिंग का कार्य करती है। फर्म का पंजीयन प्रमाण-पत्र मिनिस्ट्री ऑफ स्टेटिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेन्टेशन, भारत सरकार की ओर से जारी किया गया है।
शिकायत के अनुसार 24 सितंबर को वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी मुकेश माल्या ने फर्म के विरुद्ध पेनल्टी लगाने का दबाव बनाते हुए 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद शुक्रवार को एसीबी ने ट्रेप कार्रवाई की।
एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजीलाल और टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी मुकेश माल्या को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों डिटेन किया गया।
ट्रेप के दौरान आरोपित द्वारा किडनी संबंधी बीमारी का उपचार चलने की बात बताने पर उसे तत्काल गणगौरी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सकों ने उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और आरोपी के भाई सुरेश कुमार माल्या के साथ उसे एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

