पंचकूला में नौकरानी ने पति और बेटे के साथ मिलकर की मालकिन की हत्या, तीनों गिरफ्तार
चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पंचकूला में एक नौकरानी ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर अपनी बुजुर्ग मालकिन की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने बुजुर्ग महिला की हत्या करने के बाद शव को पड़ोसियों की छत पर छिपा दिया था। आरोपितों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 70 वर्षीय नीरा के रूप में हुई है। वह अपने पति चंद्रमोहन के साथ पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित मकान में रहती थीं, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। आरोपित सुनीता पिछले करीब 10 साल से इनके यहां नौकरानी के तौर पर काम कर रही थी।
पुलिस के अनुसार नीरा के घर से कुछ गहने गायब हो गए थे। इसी को लेकर वह सोमवार को सुनीता से पूछने उसके घर पहुंची थीं। उस दौरान चंद्रमोहन गोल्फ खेलने गए हुए थे। इसके बाद वह वापस अपने घर नहीं लौटीं। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने देर शाम सुनीता और उसके परिवार से पूछताछ की। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। आरोप है कि तीनों ने नीरा की हत्या करने के बाद शव को पड़ोसी के मकान की छत पर टाइलों के नीचे छिपा दिया था। इसके बाद वे खुद पास के दूसरे मकान की छत पर जाकर छिप गए।
पुलिस ने सुनीता, उसके पति और बेटे को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हत्या की वजह, गहनों की चोरी और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

