home page

नेहरू विहार हत्याकांड: स्कूटी से आए तीन बदमाशों ने कारोबारी राशिद को गोलियों से भूना, वारदात का सीसीटीवी आया सामने

 | 

नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू विहार में कारोबारी मोहम्मद राशिद (40) की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मंगलवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। वीडियो में तीन बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आते और सरेआम वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो के अनुसार, तीनों बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। स्कूटी राशिद के आरओ प्लांट के सामने रुकती है। इसके बाद पीछे बैठे दो बदमाश उतरते हैं और राशिद पर बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चला देते हैं। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो जाते हैं। घटना के समय गली में लोगों की आवाजाही भी दिखाई दे रही है, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से दहशत फैल गई और कोई भी बदमाशों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आरोपितों के भागने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी और घायल राशिद को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर राशिद की आम आदमी पार्टी का पटका पहने एक तस्वीर वायरल हुई, जिसके बाद उसके राजनीतिक संबंधों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने राशिद के किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े होने से इन्कार किया है। पुलिस के अनुसार, राशिद के खिलाफ जबरन वसूली, चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। उसकी कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी चल रही थी। करीब छह माह पहले उस पर फायरिंग की घटना भी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद बदमाश राशिद की दुकान में एक पर्ची फेंककर गए थे, जिसमें रुपये की मांग की गई थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या रंगदारी का विवाद हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी