home page

नेपाल से भारत ला रहा था 1.586 किलो चरस, बहराइच में दबोचा गया नेपाली तस्कर

 | 
नेपाल से भारत ला रहा था 1.586 किलो चरस, बहराइच में दबोचा गया नेपाली तस्कर


बहराइच, 15 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।इसके तहत बहराइच पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 1.586 किलो नजायज चरस के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।

क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि रुपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में 14 जुलाई को कस्बा रुपईडीहा स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पर पुलिस, एसएसबी और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 1.586 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपित की पहचान नेपाल के बारेकाेट निवासी विरेन्द्र बहादुर सिंह (34) के रूप में हुई। पूछताछ में आराेपित ने बताया कि वह चरस नेपाल से लाकर रुपईडीहा सीमा के रास्ते भारत में तस्करी के उद्देश्य से प्रवेश कर रहा था।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में आराेपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना रुपईडीहा पुलिस, एएनटीएफ लखनऊ और 42वीं वाहिनी एसएसबी नानपारा के जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA