home page

नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में वांछित 2 भगोड़े अपराधी काबू

 | 
नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में वांछित 2 भगोड़े अपराधी काबू


धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। न्यायालय से गैर-हाजिर व लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ हेतु नूरपुर पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पीओ सेल पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना नूरपुर से संबंधित दो अलग-अलग मामलों में वांछित 2 उद्घोषित अपराधियों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है।

पहला मामला चेक बाउंस का है। इस मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी प्रेम चंद को काबू किया गया। उक्त आरोपी को माननीय अदालत जेएमएफसी नूरपुर द्वारा 5 फरवरी 2020 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

दूसरे मामले में पीओ सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तलारा क्षेत्र से मारपीट व गैर-कानूनी घुसपैठ के मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी रशपाल सिंह को गिरफ्तार किया। उक्त आरोपी को थाना नूरपुर में दर्ज एफआईआर के अंतर्गत माननीय अदालत एसीजेएम नूरपुर द्वारा 8 जून 2026 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

पकड़े गए उद्घोषित अपराधियों में प्रेम चंद (उम्र 44 वर्ष) पुत्र चुन्नी लाल, निवासी तलयाड़, तहसील व जिला मंडी तथा रशपाल सिंह (उम्र 49 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अत्तर सिंह, निवासी सोहर, डाकघर डहाब, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी प्रेम चंद को नियमानुसार आगामी न्यायिक प्रक्रिया हेतु माननीय अदालत जेएमएफसी नूरपुर के समक्ष पेश किया गया। वहीं आरोपी रशपाल सिंह का नागरिक अस्पताल नूरपुर में मेडिकल परीक्षण करवाने के उपरांत आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु सुरक्षित रूप से एमएचसी पुलिस थाना नूरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायालयीन प्रक्रिया से भाग रहे अपराधियों को कानून के कटघरे में खड़ा करने के लिए पूरी तरह सजग व प्रतिबद्ध है तथा ऐसे भगोड़ों के विरुद्ध धरपकड़ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया