नालंदा जिले में गोली मारकर अधेड़ की हत्या
नालंदा, 13 जुलाई (हि.स.)।
जिले के छबिलापूर थाना क्षेत्र के केसरी बिगहा गांव में आज सोमवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही छबिलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक साजो गोप के 45 वर्षीय पुत्र छोटी यादव हैं।मृतक के भाई सुनील यादव ने बताया कि गांव में साल 2019 से चुनावी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
कुछ वर्ष पहले उनके भतीजे रवि कुमार की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। परिजनों ने इस घटना को पुरानी दुश्मनी से जोड़ते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार की सुबह सूचना मिली कि घर के अंदर सो रहे अधेड़ की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कांड का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

